जालौन
बगैर प्रपत्र मौरम ले जाते आधा दर्जन डंफरों को पकड़ किया सीज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी (जालौन)। जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम के द्वारा इटौरा में रात में अभियान चलाकर ओवरलोडिंग एवं बिना प्रपत्रों के बालू लदे पकड़े गए 6 डम्फरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पकड़े गये सभी 6 डंफरों को आटा थाना पुलिस की अभिरक्षा में सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 27-28 मार्च की रात में एसडीएम मनोज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, खनन निरीक्षक कुलदीप कुमार, थानाध्यक्ष आटा अजय कुमार सिंह सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, थाना की संयुक्त टीम द्वारा थाना आटा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अकबरपुर इटौरा में अभियान चलाकर ओवरलोड बालू लदे वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान बिना खनन प्रपत्र रॉयल्टी के संयुक्त टीम ने 6 गाड़ियों को पकड़ लिया। ओवरलोड बालू लदे हुए पकड़े गये सभी डम्परों के खिलाफ कार्रवाई करके नवीन गल्ला मंडी के परिसर में सीज करके खड़ा करा दिया गया है। ज्ञात हो कि 25-26 मार्च की रात में ही अभियान के दौरान जोल्हूपुर मोड़-कालपी हाइवे रोड में चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड बालू लदे 6 गाड़ियों को पकड़ा गया था। इससे पहले ओवरलोड बालू लदे दर्जन भर वाहनों को टीम के द्वारा पकड़ कर चालकों तथा वाहन मालिकों के विरुद्ध पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसकी विवेचना अभी विचाराधीन है। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध बालू खनन के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाता रहेगा। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों में बेचैनी फैल गई है।


