
21 जुलाई को संसद मार्च में भागीदारी का आह्वान, ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल करने की उठी मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान के नेतृत्व तथा महिला कांग्रेस की सहप्रभारी नीरमति मीना की उपस्थिति में रविवार को हरसौली स्थित कांग्रेस कार्यालय पर महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान, हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए महिला आरक्षण विधेयक को शीघ्र लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई। इस दौरान महिलाओं ने पोस्टकार्ड के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की, हस्ताक्षर कर समर्थन जताया तथा मिस्ड कॉल अभियान में शामिल होकर अभियान को मजबूती प्रदान की।
जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने कहा कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी का वास्तविक अधिकार दिलाने के लिए महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रही है और अब इसे जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
सहप्रभारी नीरमति मीना ने बताया कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने तथा ओबीसी महिलाओं को भी इसमें शामिल करने की मांग को लेकर 21 जुलाई को महिला कांग्रेस के नेतृत्व में देशभर से महिलाएं संसद पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से इस अभियान में जुड़ने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एकजुट होकर महिला अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

