मेरठ

बीएसएफ जवान नैन सिंह हत्याकांड का खुलासा

पत्नी समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। मेरठ के थाना इंचौली क्षेत्र के ग्राम धनपुर में बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। स्वॉट टीम देहात एवं थाना इंचौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस हत्याकांड में शामिल पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27/28 मार्च 2026 की रात करीब 1:40 बजे नैन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता गरीबदास की तहरीर पर 28 मार्च को मामला दर्ज किया गया। प्रारंभ में पड़ोसियों पर शक जताया गया था, लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी गुलशन को मृतक द्वारा उसकी पत्नी से अवैध संबंधों के आरोप लगाकर अपमानित किया जाता था। इसी रंजिश के चलते गुलशन ने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय नैन सिंह सो रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई।
पुलिस ने गुलशन, राहुल उर्फ पवन, गुड्डू, मोंटू तथा मृतक की पत्नी कोमल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button