शामली

कैराना में वारदातों की झड़ी

अपहरण, जानलेवा हमला, चोरी, आगजनी और साप्ताहिक बंदी की खुली अनदेखी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। घर में घुसकर किशोरी का अपहरण, चार नामजद समेत कई पर मुकदमा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छड़ियान में दिनदहाड़े घर में घुसकर किशोरी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पिता नौशाद की तहरीर पर पुलिस ने सबीला, नगमा, कामिल, मंसूर व कार चालक नूरदीन समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि 16 फरवरी को आरोपियों ने घर में घुसकर छोटी बेटी को धक्का दिया और बड़ी पुत्री को जबरन कार (JH01DY0551) में बैठाकर फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
युवक पर जानलेवा हमला, पिटाई का वीडियो वायरल
मोहल्ला खैलकलां में युवक आबिद पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर उसका वीडियो वायरल करने का मामला तूल पकड़ गया है।
15 फरवरी को हुए हमले के बाद दहशत में पीड़ित ने तहरीर नहीं दी थी, लेकिन दोबारा मारपीट और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 191(2), 191(3), 190 व 351(2) के तहत अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी ने कहा कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। “अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।”
दिनदहाड़े बकरा चोरी, CCTV में कैद
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रामड़ा मोड़ के पास घर के बाहर बंधा बकरा बाइक सवार दो युवक खोलकर ले गए। पीड़ित नौशाद पुत्र इकबाल ने बताया कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल पर बकरे को ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कचहरी परिसर में नाला ओवरफ्लो, अधिवक्ताओं में रोष
कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबरों के सामने नाला ओवरफ्लो होने से गंदा पानी भर गया है। अधिवक्ता शालिनी कौशिक ने उपजिलाधिकारी निधि भारद्वाज को शिकायत देकर तत्काल समाधान की मांग की है। पहले भी शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से अधिवक्ताओं में नाराजगी है। बदबू और गंदगी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।
भास्कर इंटरनेशनल स्कूल में शॉर्ट सर्किट से आग, रिकॉर्ड जलकर राख
कैराना-शामली हाईवे स्थित भास्कर इंटरनेशनल स्कूल के रिकॉर्ड रूम में देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
फीस रजिस्टर, लेखा अभिलेख और सोसाइटी के महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
प्राचार्य अमितेश कुमार शर्मा ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
साप्ताहिक बंदी बेअसर, आदेशों की खुली अवहेलना
बुधवार को लागू साप्ताहिक बंदी नगर में कागज़ों तक सीमित रही। चौक बाजार, जामा मस्जिद और बस स्टैंड क्षेत्र में कई दुकानें खुली रहीं। नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि आदेश मानने वालों को नुकसान और उल्लंघन करने वालों को लाभ मिल रहा है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बंदी को सख्ती से लागू किया जाए, अन्यथा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी। कैराना में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। घटनाओं की बढ़ती रफ्तार पर लगाम कब लगेगी — यह देखने वाली बात होगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button