गोड्डा

सोनारचक पंचायत में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड अंतर्गत सोनारचक पंचायत भवन में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन, गोड्डा द्वारा आम नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्रों की सुविधा सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में पंचायतवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह विशेष अभियान 15 जून 2026 से 17 जून 2026 तक संचालित होगा। इस विशेष शिविर के माध्यम से स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र एवं आय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों की प्राप्ति, जांच, सत्यापन एवं त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारियों तथा कर्मियों को शिविर के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचकर विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। सोनारचक पंचायत के मुखिया कर्ण कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है तथा कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन भी किया जा रहा है। वहीं, अन्य सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। मुखिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लाभुकों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा पंचायत स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि इस अभियान से विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने सोनारचक पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को स्थानीय निवासी, जाति अथवा आय प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे पंचायत भवन में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा करें तथा इस जनहितकारी अभियान का लाभ उठाएं। मौके पर पंचायत सचिव सुधा पंडित सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button