
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: पुलिस ने बलबड्डा थाना क्षेत्र में हुए सोलर मोटर पंप चोरी कांड का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए दोनों सरकारी सोलर चालित मोटर पंप भी बरामद कर लिए हैं। बताया जाता है कि 27/28 मई 2026 की रात बलबड्डा थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित बड़का बांध पोखर में समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना योजना के तहत जेएसएलपीएस द्वारा सिंचाई के लिए लगाए गए दो सोलर मोटर पंप अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। मामले में बलबड्डा थाना कांड संख्या 34/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार के भागलपुर जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में मनीष मंडल, छोटू कुमार मंडल उर्फ राजकुमार मंडल, शहनवाज मंसूर तथा नितीश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी के दोनों तीन फेज नॉन-ब्लॉक मोटर पंप, घटना में प्रयुक्त एक टेम्पू तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महागामा और मेहरमा थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच कर रही है। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में मेहरमा, महागामा और बलबड्डा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



