सिंगरौली
पुलिस द्वारा महिला से अभद्रता एवं फर्जी मुकदमा के खिलाफ लोगों ने भरा हुंकार, सौपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जनपद पंचायत सदस्य राजू सिंह के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किये जाने के विरोध में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया गया। हजारों की संख्या में आए समर्थकों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि राजू सिंह पर पुलिस द्वारा दर्ज किया गया झूठा मामला वापस लिया जाये। सीएसपी पुन्नू सिंह परस्ते और रक्षित निरीक्षक के द्वारा जिस आदिवासी महिला के साथ अभद्रता की गई, उस महिला की शिकायत पर दोनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। कोयला परिवहन में लगे वाहनों से आये दिन होने वाले सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाये जायें।
छवि धूमिल करने के लिए दर्ज किया मामला
जनपद पंचायत सदस्य राजू सिंह ने कहाकि उनके खिलाफ जो मामला दर्ज किया गया है वह बगैर किसी अपराध के दर्ज किया गया है। उन्होंने कहाकि एक जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने के लिए पुलिस द्वारा यह फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहाकि वे एक जनप्रतिनिधि हैं, जहां पर भी पब्लिक बुलाती है वे जाते हैं और पब्लिक के हित की लड़ाई लड़ते हैं। उन्होंने कहाकि जिले में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिसमें लोगों की मौत हो रही है, लेकिन जिले में बैठे जिम्मेदार अधिकारी इस ज्वलंत समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में सुधार हो नहीं होगा उग्र आंदोलन
विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का साफ कहना था कि कोल परिवहन के लिए ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में सुधार, जनपद सदस्य पर दर्ज फर्जी मुकदमा और आदिवासी महिला की शिकायत पर सीएसपी और आरआई के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो 15 दिन बाद पूरे जिले में आंदोलन किया जायेगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह, अशोक सिंह पैगाम, संदीप शाह, लवलेश सिंह, कमलेंद्र सिंह, केशव सिंह गोंड, जगत सिंह गोड़, हेमलाल कोल, शंखलाल प्रजापति, सूर्या द्विवेदी, संजय नामदेव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।



