सिंगरौली
कई वर्षो से बारिश के सीजन में बनौली रोड में हो जाती है नारकीय स्थिति,
विस्थापितों के प्रति बेपरवाह है नगर निगम प्रशासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । नगर निगम सीमा में आने वाला बनौली इस बार की बारिश में भी नारकीय स्थिति से दो-चार है। हर्रई पूर्व से जैसे ही आप जयंत वाली रोड पकड़कर आगे बढ़ेंगे तो नाले पर बना पुल सबसे पहले परीक्षा लेता है, खासकर दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों की पुल की चढ़ाई से ठीक पहले एक बड़ा सा गड्डा हो गया है। इसमें बारिश का पानी जमा होने से चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं हो पता है और वे नियंत्रित हो जाते हैं। सिंगरौली मिरर ने इस समस्या के प्रति पिछले वर्ष भी नगर निगम के जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराया था, तब गड्ढे होने शुरू ही हुए थे, मगर नगर निगम प्रशासन की कान पर जूं नहीं रेंगी और इस सीजन में ये समस्या बड़ी हो गई। इसके साथ पुल पर भी गड्ढे हो गए हैं, जिसमें पानी भरा हुआ है।
पुल से चौराहे तक एक लेन गड्ढे में तब्दील
पुल से लेकर बनौली चौराहे तक टूलेन सड़क बनाई गई थी। पिछले साल एक लेन को सीवर लाइन के लिए खोदा गया था। तब से वह चलने के लायक नहीं है। दूसरी लेन से आवागमन होता है, मगर अब वह रोड नहीं, बल्कि गड्ढे में तब्दील हो गई है। लगभग एक किलोमीटर दूरी में सड़क के दर्शन होते ही नहीं हैं। यह बदहाली करीब तीन साल से है। अगल-बगल बसी विस्थापित कॉलोनी के बाशिंदे मोहल्ले में भी ऐसी ही विकट स्थिति से परेशान हैं। रहवासी और खदान में काम करने वाले नगर निगम को कोसते हुए इस लेन से गंतव्य तक जाते हैं।
नाली निर्माण कराकर सड़क को बनाना भूल गए जिम्मेदार
आप को बता दे बदहाल सड़क के किनारे नाली का निर्माण शुरू कराया गया। अंदर के मोहल्लों में भी नाली सफाई की रस्म अदायगी की गई। इसके बाद जिम्मेदारों ने इस मोहल्ले से नजर फेर ली। जिससे सड़क का निर्माण नहीं हुआ, जबकि तालाब रोड से हर्रई तक रोड बनवाई गई थी।



