बेतुल
बैतूल भारत की परंपरा में छिपा है विश्व कल्याण का सूत्र : मोहन नागर
योग दिवस प्रोटोकॉल शिविर का शुभारंभ, दीप प्रज्वलन कर हुई शुरुआत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। माचना एनीकेट विसर्जन घाट, विवेकानंद वार्ड में गुरुवार को भारत स्वाभिमान न्यास पतंजलि योग समिति द्वारा योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आनंद प्रजापति एवं वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुनील द्विवेदी ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मोहन नागर ने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा समूचे विश्व के कल्याण के लिए है। भारत की सांस्कृतिक परंपराओं और योग साधना में ही मानवता का उद्धार निहित है। उन्होंने योग को जीवन शैली का अंग बनाने की अपील की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आनंद प्रजापति ने कहा कि योग हमारे जीवन का मूल है, जिसे अपनाकर हम शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुनील द्विवेदी ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अनुशासन और चेतना का मार्ग है।
शिविर में योग आयोग के जिला अध्यक्ष विनोद परिहार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। योग शिक्षक हितेश पटेल ने उपस्थित साधकों को योग दिवस प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विभिन्न आसनों के साथ ही उनके लाभ भी समझाए। योग शिक्षक विमल दुबे, योग शिक्षिका ज्योति देशमुख, रेखा पवार, माधुरी खातरकर, मिश्रीलाल डढोरे, कृष्णा झपाटे सहित जिले भर से सैकड़ों योग साधक इस अवसर पर उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर शिविर में भागीदारी निभाई। यह शिविर आगामी योग दिवस के सफल आयोजन की तैयारी के तहत आयोजित किया गया है, जिसमें योगाभ्यास की समुचित जानकारी दी जा रही है।




