क्राइमहापुड़

खाकी की चुस्ती-फुर्ती देख… रह जाएंगे हैरान!

जब बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने लगाई एक किलोमीटर की दौड़, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

हापुड़ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में पुलिस कितनी चुस्त-दुरूस्त और मुस्तैद है, इसकी बानगी हापुड़ जिले से सामने आई है. यहां एक 20 हजार रूपये की ईनामी महिला और उसके साथी बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस दबिश के दौरान बदमाशों के पीछे-पीछे भागती हुई नजर आई. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में पुलिस की कार्यशैली कैद हुई है, जिसमें पुलिस आगे-आगे भाग रहे बदमाशों को घेरने के लिए न सिर्फ उनके पीछे-पीछे दौड़ लगा रही है, बल्कि उनकी घेराबंदी के लिए रणनीति भी बना रही है. आखिरकार पुलिस ने भाग रहे बदमाश शनि को करीब एक किलोमीटर दूर जाकर दबोच लिया और उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई.

 

आपको बता दें कि हापुड़ एसपी ज्ञानंजय सिंह की ओर से बीते माह पूर्व वांछित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20-20 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था. यह ईनाम धौलाना के शेखपुर खिचरा गांव के सुहैल, गुल्लू, जीशान निवासी मौहल्ला कुरैशियान गढ़, निशांत निवासी भड़ंगपुर बाबूगढ़, रीनू उर्फ रेणु निवासी हर्ष विहार हापुड़ पर था. पुलिस इन फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी. शनिवार को थाना बाबूगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि रीनू उर्फ रेणु और उसका साथी शनि बाबूगढ़ क्षेत्र में किसी मकान में शरण लिये हुए है. तो पुलिस इस इनपुट पर कार्रवाई के लिए पहुंच गई. वहीं, जैसे ही पुलिस के इलाके में आने की भनक रीनू और उसके साथी को हुई, तो उन्होंने भागने की कोशिश की. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर में देखा जा रहा है कि आगे-आगे बदमाश भाग रहे हैं और उनके पीछे-पीछे पुलिस दौड़ लगा रही है. पुलिस को चकमा देकर रीनू उर्फ रेणु मौके से भाग जाने में सफल रही, लेकिन पुलिस ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करके उसके साथी शनि को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस शनि से रीनू और उसके अन्य साथियों के ठिकानों का पता लगाने में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि रीनू भी जल्द ही पुलिस की हिरासत में होगी. फिलहाल, शनि को पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. इलाके में हुई पुलिस की इस मुस्तैदी वाली कार्रवाई से क्षेत्रीय लोग भी अपराधियों के प्रति पुलिस के कार्यों की सराहना कर रहे हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button