गोड्डा

पथरगामा के परसपानी स्थित इंडस्ट्रियल पार्क हेतु चिह्नित भूमि का किया स्थल निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा के द्वारा पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पारसपानी स्थित इंडस्ट्रियल पार्क हेतु चिह्नित भूमि का स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने चिह्नित भूमि का जायजा लेते हुए स्थल की स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल, पहुंच मार्ग तथा आसपास की आधारभूत सुविधाओं के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रस्तावित इंडस्ट्रियल पार्क के विकास की संभावनाओं एवं इसके लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का सृजन होगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इंडस्ट्रियल पार्क के विकास से जुड़े आवश्यक पहलुओं का समुचित अध्ययन करते हुए सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता से संबंधित आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों एवं निवेशकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा सकता है। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पथरगामा नीतेश कुमार गौतम सहित संबंधित  विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button