गोड्डा
महिला होमगार्ड जवान से कथित अभद्र टिप्पणी का मामला, कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी एंव प्रदेश संरक्षक सह जिला अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने गोड्डा जिला की महिला होमगार्ड जवान संचारिया कुमारी के साथ कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी एवं आपत्तिजनक व्यवहार के मामले में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के नेताद्वय के अनुसार, संचारिया कुमारी वर्तमान में रांची जिला में यातायात ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त हैं। उनके द्वारा किसी मामले को लेकर गोड्डा जिला के कंपनी कमांडर नीरल केरकेट्टा से दूरभाष पर बातचीत की गई। संचारिया कुमारी का आरोप है कि बातचीत के दौरान कंपनी कमांडर द्वारा उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए कथित रूप से कहा गया कि “ तुमको चर्बी हो गया है, आओ जिला तुम्हें बताते हैं।” संचारिया कुमारी ने इस संबंध में झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी को जानकारी दी है। उनके अनुसार, बातचीत से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव को उपलब्ध कराई गई है। राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि यदि ऑडियो रिकॉर्डिंग एवं लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो महिला होमगार्ड जवान के साथ इस प्रकार की भाषा एवं व्यवहार करने वाले पदाधिकारी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कड़ी से कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि होमगार्ड मुख्यालय की कार्यप्रणाली में दोहरी नीति दिखाई देती है। जवानों के विरुद्ध शिकायत मिलने पर कई बार बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के तत्काल कार्रवाई कर दी जाती है, जबकि अधिकारियों के विरुद्ध शिकायत होने पर जांच के नाम पर वर्षों तक मामला लंबित रहता है और कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगता है। राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। यदि किसी जवान से गलती होती है तो उसके विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई की जाती है, उसी प्रकार किसी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगने पर भी निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच होनी चाहिए। बताया कि जिला समादेष्टा को कंपनी कमांडर का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार से इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने, ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला होमगार्ड जवानों के सम्मान एवं गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।



