बरेली
साईं सुखदा हॉस्पिटल, में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : साईं सुखदा हॉस्पिटल, बरेली द्वारा दिनांक 09 अप्रैल 2026 को आयोजित विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस शिविर में लगभग 200 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ परामर्श किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. आयुष सिंह (DRNB, Gastroenterologist) ने सभी मरीजों को परामर्श प्रदान किया। उन्होंने बढ़ते हुए फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा उनके बचाव एवं उपचार के उपाय बताए। इस दौरान लिवर से संबंधित जांच जैसे फाइब्रोस्कैन एवं विभिन्न ब्लड टेस्ट भी किए गए। डॉ. आयुष सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में लिवर संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इसी क्रम में डॉ. तरु गुप्ता (DM, Endocrinologist) ने टाइप-1 एवं टाइप-2 डायबिटीज, हार्मोनल समस्याएं एवं थायरॉइड रोगों से ग्रसित मरीजों को परामर्श दिया तथा सही खान-पान एवं जीवनशैली अपनाने के बारे में मार्गदर्शन किया। डेंटल विभाग से डॉ. सुबोध फिलिप्स (BDS, सीनियर डेंटल सर्जन) और डॉ. अमित सिंह BDS ने मरीजों की जांच की तथा उन्हें दांतों की सही देखभाल, ब्रश करने की सही विधि एवं मुख स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन साईं सुखदा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. शरद अग्रवाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सौम्या अग्रवाल एवं डायरेक्टर डॉ. अर्चना अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शिविर में हॉस्पिटल के अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही।



