अयोध्या

प्रवासी भारतीय प्रणव देसाई की प्रेरणा से हजारों को मिली नई रोशनी।

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

अयोध्या।वोसाप (यूएसए) के आर्थिक सहयोग से 2 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित निःशुल्क नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर का समापन लक्ष्य से पूर्व एवं लक्ष्य से अधिक उपलब्धि के साथ किया गया।निर्धारित 2000 ऑपरेशन के स्थान पर कुल 2200 सफल नेत्र ऑपरेशन सम्पन्न कर शिविर को समाप्त कर दिया गया। यह शिविर प्रवासी भारतीय प्रणव देसाई एवं उषा देसाई की सदप्रेरणा से आयोजित किया गया। 2 फरवरी को शिविर का विधिवत उद्घाटन मेयर गिरीशपति त्रिपाठी एवं संतजनों द्वारा किया गया था। उद्घाटन अवसर पर अंधता निवारण एवं समाज सेवा के संकल्प को दोहराया गया। शिविर के दौरान लगभग 6359 ग्रामीण अंचल के मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत चयनित 2200 से अधिक नेत्र रोगियों के सफल ऑपरेशन किए गए। इसके अतिरिक्त 4157 मरीजों को रेफ्रेक्शन परीक्षण के बाद निःशुल्क चश्मा एवं औषधियां प्रदान की गईं।शिविर में 1290महिला औऱ 910 पुरुष का सफल ऑपरेशन सम्पन्न किया गया।
साथ ही, इंडियन ऑयल कारपोरेशन से प्राप्त सचल नेत्र परीक्षण वाहन द्वारा सिद्धार्थनगर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर 1101 लोगों का परीक्षण किया गया तथा योग्य मरीजों को ऑपरेशन हेतु प्रेरित किया गया। शिविर के समापन अवसर पर पूज्य कमल नयन शास्त्री जी ने प्रणव देसाई एवं वोसाप की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों ने सेवा स्वीकार कर इस अभियान को सफल बनाया है, इसके लिए हम सभी उनके प्रति कृतज्ञ हैं। इस शिविर की सफलता ने अंधता निवारण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है तथा हजारों जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button