खेत में पानी देने गए बुजुर्ग किसान की हत्या

मोदीनगर। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव चुड़ियाला में शनिवार को 80 वर्षीय किसान की खेत में हत्या कर दी गई। वे सुबह खेतों में पानी देने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। दोपहर में अन्य किसानों ने खेत में उनका लहूलुहान शव देखा और तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर, गर्दन और पेट पर धारदार हथियारों के गहरे घाव पाए गए हैं। परिजनों ने किसी से दुश्मनी की बात से इनकार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खुलासे के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया है और सभी पहलुओं से छानबीन की जा रही है।



