बरेली
संत शिरोमणि बाबा गाडगे जी की जयंती समारोह का आयोजन संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में रविवार को सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत एक भव्य आयोजन का दृश्य देखने को मिला, जब सन्त गाडगे जन कल्याण समिति बरेली एवं तथागत बुद्ध, बोधिसत्व अम्बेडकर धम्म विकास ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सन्त शिरोमणि बाबा सन्त गाडगे जी की जयंती समारोह का आयोजन 100 फिटा रोड स्थित ओशी बैंकट हाल में अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सन्त गाडगे जी के जीवन, उनके विचारों और समाज सुधार के प्रति उनके योगदान को याद किया। पूरा सभागार श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सन्त शिरोमणि बाबा गाडगे के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना तथा समाज में फैले आडम्बरों, पाखण्ड और कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। आयोजकों ने बताया कि बाबा गाडगे ने अपने जीवनकाल में स्वच्छता, समानता, शिक्षा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
मंचासीन अतिथियों ने बाबा गाडगे के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वक्ताओं ने उनके जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा गाडगे ने समाज को स्वच्छता का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए अनुकरणीय है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित के. आर. कनौजिया ने अपने संबोधन में बाबा गाडगे के त्याग और सेवा भाव की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया।
कार्यक्रम में पदम सिंह, विनोद कुमार, विनय रिश्वाल, हुकुम सिंह, सूचना अधिकारी नीतू कनोजिया, डा. ओ. पी. भास्कर, डा. सुनीता दिवाकर, रामआसरे वर्मा, ज्ञानेंद्र कुमार मौर्य, डी. आर. वर्मा, छोटे लाल चौधरी, जागन सिंह राकेश, सारिका बौद्ध, सुभाष चौधरी, रणवीर सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




