मथुरा
वृंदावन की परिक्रमा मार्ग से 70 पेड़ नष्ट, ट्री गार्ड चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्सः ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में प्राचीन मदनमोहन मंदिर से वराह घाट तक परिक्रमा मार्ग के दोनों ओर लगे विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों को नष्ट कर दिया गया। एक दर्जन लोग पेड़ों के गार्ड को भी उखाड़ कर नगर निगम के ट्रैक्टर में डालकर ले गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ठाकुर राधावल्लभ मंदिर के सेवायत आचार्य मोहित मराल गोस्वामी ने नगर निगम पर 70 पेड़ों को नष्ट करने और उनके ट्री गार्ड को चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि नगर परिक्रमा मार्ग में पिछले एक दशक से पौधरोपण किया जा रहा है। वराह घाट से लेकर केशी घाट तक कदंब, तमाल, पाखड़, पीपल, बरगद, नीम आदि प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने कहा कि परिक्रमा मार्ग से पेड़ों को उखाड़ने और ट्री गार्ड का ले जाने की जांच की जा रही है।



