खैरथल
हरसौली में 23 मार्च ( शहीद दिवस) पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा : ग्राम हरसौली स्थित संतदास जी मंदिर परिसर में 23 मार्च 2026, सोमवार को महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के शहीद दिवस के उपलक्ष्य में प्रथम स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्रभर से युवाओं एवं ग्रामीणों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का आयोजन श्री श्री 1008 संतदास जी महाराज की पावन धरा पर किया जा रहा है। इस अवसर पर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा का संदेश दिया जाएगा। आयोजन को लेकर गांव में विशेष उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
सागर जोशी ने बताया कि रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को डोनर कार्ड एवं प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं एवं नागरिकों से आगे आकर इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की।
शिविर में रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी मोनार्क ब्लड सेंटर, अलवर की अनुभवी टीम द्वारा संभाली जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।
आयोजन में युवा साथीगण एवं समस्त ग्रामवासी हरसौली सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और इसे सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं।
निवेदक: युवा साथीगण एवं समस्त ग्रामवासी हरसौली

