पाकुड़िया में अकीदत के साथ अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज, हसनपुरा में ईद मिलन समारोह आयोजित
Eid-ul-Fitr prayers were offered with devotion in Pakuriya, Eid Milan function was organised in Hasanpura.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों में ईद-उल-फितर की नमाज पूरे श्रद्धा, अनुशासन और तहजीब के साथ अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन, तरक्की एवं सलामती की दुआ मांगी। त्यौहार के मौके पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चे ईद की खुशियों में सराबोर नजर आए। पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा, जिसने सामाजिक एकता का सकारात्मक संदेश दिया। इसी कड़ी में पाकुड़िया के हसनपुरा में ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महेशपुर क्षेत्र से लगातार तीसरी बार निर्वाचित विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर झामुमो केन्द्रीय समिति सदस्य हरिवंश चौबे, प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हसदा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। ईद मिलन समारोह के माध्यम से आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।



