कैराना

इमामगेट चौराहा अतिक्रमण की गिरफ्त में, जाम और अव्यवस्था से जनता त्रस्त

नाले पर कब्जा कर बैठे रेहड़ी-ठेले, सफाई ठप प्रशासन की अनदेखी पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कस्बे का प्रमुख इमामगेट चौराहा इन दिनों अतिक्रमणकारियों की गिरफ्त में पूरी तरह जकड़ा हुआ है। हालात यह हैं कि सड़कें सिकुड़कर गलियों में तब्दील हो गई हैं और हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। आम राहगीर हो या वाहन चालक—हर कोई इस अव्यवस्था से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं।
इमाम गेट चौराहे पर  रेहड़ी-ठेली और अस्थायी दुकानों का इस कदर कब्जा है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि अतिक्रमणकारियों ने मुख्य नाले तक को नहीं छोड़ा। नाले के ऊपर ही रेहड़ियां और ढांचे खड़े कर दिए गए हैं, जिससे नाले की सफाई पूरी तरह ठप हो गई है। नतीजतन, गंदगी फैल रही है और बारिश के दिनों में जलभराव का खतरा मंडरा रहा है। सुबह और शाम के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। बाजार की भीड़ और अतिक्रमण के चलते चौराहे पर वाहन रेंगते नजर आते हैं। कई बार तो एंबुलेंस और स्कूली वाहनों तक को जाम में फंसना पड़ता है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते दिन-ब-दिन विकराल रूप लेती जा रही है। कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई गईं। कार्रवाई के अभाव में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि जल्द ही चौराहे को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। अब देखना यह  है  कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और इस गंभीर समस्या से जनता को राहत कब  दिलाते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button