
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है। रेशम बाग कॉलोनी निवासी रामविलास ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी पुत्री शीतल के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, रामविलास ने बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री शीतल का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से अरुण निवासी फरीदपुर के साथ किया था। विवाह में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 1.5 लाख रुपये खर्च कर मोटरसाइकिल सहित घरेलू सामान दहेज में दिया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही शीतल के पति अरुण, मामा वीरेंद्र, जेठ विशाल, सास तुलसी देवी, चचिया ससुर बबलू और जेठानी ममता ने मिलकर उससे अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। ससुराल पक्ष ने कथित रूप से शीतल से कहा कि “अगर इस घर में रहना है तो अपने पिता से वैगन आर कार लेकर आओ।”
जब शीतल ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी।
पीड़ित पिता ने अपनी पुत्री को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



