रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने कसी सुरक्षा कड़ी, सादे लेवास में भी प्रशासन मुस्तैद
The district administration has tightened security for the Ram Navami festival, and the administration is on alert even in plain clothes.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने रविन्द्र भवन (टाउन हॉल) में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों, बीडीओ/सीओ और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी स्थल पर समय से पूर्व उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी संवेदनशील स्थिति उत्पन्न कर सकती है। इस बार नियंत्रण कक्ष द्वारा तैनात सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति की सघन निगरानी की जाएगी और आवश्यकतानुसार फोटो के माध्यम से सत्यापन भी किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर वेतन स्थगित करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के दौरान एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता देने, सभी स्थलों पर सीसीटीवी और संचार व्यवस्था पूर्ण रूप से कार्यरत रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, प्रत्येक जुलूस में मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने की भी हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जनआस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निष्पक्ष और संयमित रहने का आग्रह किया और कहा कि किसी भी स्थिति में वे जुलूस का हिस्सा न बनें। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के प्रसारित न करें। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि पूरे जिले में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा और प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखेगा। आम नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या थाना को दें।



