पुलिस कप्तान ने इंस्पेक्टर के रीडर को किया लाइन हाजिर
पोड़ैयाहाट पुलिस निरीक्षक कार्यालय व थाना का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट। बुधवार को एसपी मुकेश कुमार ने पोड़ैयाहाट पुलिस निरीक्षक कार्यालय व थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न पंजियों की गहन जांच की और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। साथ ही साथ कार्य में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर के रीडर धनंजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।एसपी ने सिरिस्ता, मालखाना, हाजत और कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन किया और थाना परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुराने और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि साक्ष्यों के आधार पर कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। एसपी ने आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र के दागी अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीनता से पेश आएं और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करें। ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। निरीक्षण के उपरांत एसपी ने बताया कि यह एक रूटीन प्रक्रिया है। जिसका उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तेजी लाना है।उन्होंने थाना क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का भी आदेश दिया। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी महावीर पंडित, देवडांड़ थाना प्रभारी अमित मार्की आदि उपस्थित थे।



