
दो किश्तों में 3.97 लाख की हुई थी ठगी, तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने पीड़ित के खाते में लौटवाई आंशिक रकम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच कैराना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यूपीआई ठगी के शिकार परिवार को बड़ी राहत दिलाई है। कैराना की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने ठगी के शिकार पीड़ित के खाते में दो लाख आठ हजार आठ सौ रुपये वापस कराए हैं।
पुलिस के अनुसार कस्बे के मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी मौ. नवाजिश पुत्र खालिद व उनके परिजनों के बैंक खातों से 20 जनवरी 2025 और 30 मार्च 2025 को यूपीआई के माध्यम से कुल 3,97,100 रुपये की ठगी कर ली गई थी। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने थाना कैराना में शिकायत दर्ज कराई थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में साइबर हेल्पडेस्क टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंकों से पत्राचार कर तकनीकी माध्यमों से लेन-देन को ट्रेस किया और धनराशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार को 2,08,800 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। पुलिस का कहना है कि शेष रकम की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित मौ. नवाजिश व उनके परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक समय पाल सिंह, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार व कांस्टेबल मानवेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्क रहें।
