कैराना
कूड़ा डालने के विवाद में पिता-पुत्रों का कहर
60 वर्षीय वृद्धा को लाठी-डंडों से पीटकर किया लहूलुहान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। मोहल्ला दरबार खुर्द रेतावाला में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि पिता और उसके पुत्रों ने मिलकर एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि मोहल्ला दरबार खुर्द रेतावाला निवासी 60 वर्षीय रहीसा पत्नी बशीर ने अपने घर के बाहर कूड़ा डाल रखा था। मोहल्ले के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ला निवासी लतीफ और उसके पुत्र गुस्से में आ गए और उन्होंने वृद्ध महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान महिला के शरीर पर कई जगह चोटें आईं और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर दिए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
