
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग : हजारीबाग में रामनवमी जुलूस मे पारंपरिक हथियार भुजाली और चाकू से करतब दिखाने के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि 450 से अधिक लोगों के घायल हो गए हैं। एक घायल को रिम्स रेफर कर दिया गया है। जबकि एक दर्जन लोग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। मृतकों में एक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार निवासी प्रिंस कुमार पिता शशि प्रसाद उर्फ रामसहाय प्रसाद और दूसरे व्यक्ति बड़ा बाजार ओपी अभिषेक वर्मा उर्फ सोनू शर्मा की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई। पोस्टमार्टम के बाद अभिषेक वर्मा के परिजनों ने शव के साथ जुलूस मार्ग को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीओ आदित्य पाण्डेय घटनास्थल पर पहुंचे और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों को समझा बूझकर जुलूस मार्ग खुलवाया। आधिकारिक और मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक लगभग 500-550 लोग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचे। इनमें से अधिकांश लोग तलवार और लाठी के करतब दिखाने के दौरान चोटिल हुए थे। शहर में विधि व्यवस्था बनाए रखने भारी पुलिस बल तैनात है।



