गाजियाबाद
लोनी की गुलाब वाटिका कॉलोनी में भगवान महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नगरपालिका परिषद के वार्ड 41 स्थित गुलाब वाटिका कॉलोनी में सोमवार को जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जैन समाज द्वारा कॉलोनी के मुख्य मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रथ पर विराजमान भगवान महावीर की श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर आरती उतारकर विधिवत पूजा-अर्चना की।
धार्मिक आयोजन के तहत गली नंबर 15 स्थित मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। भक्तों ने पहले भगवान महावीर की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद करीब 12:30 बजे रथयात्रा के लिए रथ पर बैठने वाले पात्रों की पारंपरिक बोली लगाई गई। सोधर्म इंद्र के लिए एवी एंट, सारथी के लिए वेदिका जैन, चंवर के लिए सम्यक जैन व अंशु जैन तथा ध्वजारोहण के लिए सार्थक ने बोली अपने नाम कराई।
इसके पश्चात सजी-धजी झांकियों, ढोल-तबले और बैंड-बाजों के साथ मंदिर से रथयात्रा निकाली गई, जो कॉलोनी के मुख्य मार्गों से होती हुई लगभग तीन बजे वापस मंदिर पहुंची। यात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वजा और धर्म चक्र लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। पूरे मार्ग में भगवान महावीर के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, वहीं श्रद्धालु धार्मिक धुनों पर झूमते और नाचते नजर आए। रास्ते में कई स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने रथ पर विराजमान भगवान महावीर की आरती कर पूजा-अर्चना की। साथ ही जगह-जगह पेयजल, फल और अन्य खाद्य सामग्री का प्रसाद भी वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी मनीष बिष्ट और चौकी प्रभारी नितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर सभासद अंकुर जैन (मिंकु), गोल्डी जैन, शशिकांत जैन, हेमंत जैन, कुसुम जैन, अश्विनी जैन, नीरज जैन, राय बहादुर जैन, साक्षी जैन, सार्थक जैन, अनिल जैन, सम्यंक जैन सहित समाज के सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।



