अब नींबू निचोड़ रहा है लोगों का रस, भाव ने लगाई डबल सेंचुरी
सब्जी मण्डी में दो सौ रुपए किलो बिक रहा नींबू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। भरतपुर जिले के एतिहासिक भुसावर कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र में गर्मी चढ़ने और त्यौहारी सीजन में नींबू के भाव भी चढ़ने लगें हैं। जहां पिछले एक पखवाड़े से नींबू के दाम तीन गुना तक बढ़ गए हैं। वहीं स्थिति यह है कि नींबू के भाव अनार, अंगूर और नारंगी से भी ज्यादा हो गए हैं। जहां भुसावर कस्बे की पुरानी सब्जी मण्डी,मैन बाजार, अस्पताल सड़क मार्ग सहित अन्य स्थानों पर नींबू 200 रुपए किलो खुदरा भावों में बिक रहा है। उधर गर्मी के कारण नींबू की मांग बढ़ गई है और वर्तमान में बाहर से नींबू मंगाया जा रहा है।
अनार, अंगूर से मंहगा बिक रहा है नींबू
स्थानीय फल विक्रेता कैलाश अग्रवाल, रामसिंह सैनी, बाबू सैनी आदि खुदरा व्यापार करने वाले दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दिनों सेव,अनार, अंगूर से भी मंहगा नींबू बिक रहा है जहां इन दिनों अंगूर 120 रुपए किलो अनार 160 रुपए किलो और संतरा 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रहे हैं जबकि नींबू का खुदरा भाव 200 रुपए किलो तक पहुंच गया है। जहां नींबू के दामों में बढ़ोतरी होने से अब घरों के अलावा होटल, ढाबों से भी गायब हो गया है। वहीं स्थिति यह है कि घर, होटल, ढाबों पर भी सलाद से नींबू (जायका) कम हो गया है। वहीं दूसरी ओर गन्ने का रस, शिकंजी एवं सब्जियों में भी नींबू का उपयोग कम मात्रा में कर रहे हैं।
जिले में यहां होती है नींबू की बागवानी
नींबू की बागवानी में भरतपुर जिला सिलमोर है। जहां जिले में लगभग 1600 हैक्टेयर क्षेत्र में नींबू की बागवानी है। वैर और भुसावर क्षेत्र के नयावास, दीवली , सिरस, रण्धीरगढ,भौपर छोकरवाडा,भिजवायी, सैन्धली, भगवानपुर, बौराज, नाथू का नंगला आदि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नींबू की बागवानी की जाती है।




