गोड्डा
रक्तदान शिविर में 65 यूनिट रक्त संग्रह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। न्यू पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कुल 65 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने रक्तदान किया। अन्य पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को सामाजिक कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव, डीएसपी (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराशंकर झा सहित कई अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




