बेनीदास भुस्का में जलजमाव, ग्रामीण परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेहरमा। प्रखंड क्षेत्र के तुलाराम भुस्का पंचायत अंतर्गत बेनीदास भुस्का गांव में टावर के समीप पिछले कई वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के किनारे नाला नहीं रहने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता है और सड़क पर ही जमा रहता है। बारिश होने के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई दिनों तक पानी जमा रहने से सड़क पर कीचड़ फैल जाता है,जिससे पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कई बार समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। सड़क पर पानी जमा रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों से सड़क के किनारे नाला निर्माण कराने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
ग्रामीण अकरम राजा ने कहा कि खासकर बारिश के दिनों में जलजमाव से काफी समस्याएं उत्पन्न होती है। राहगीरों को आवागमन में कई मुसीबत का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण जुनेद अख्तर ने कहा कि जलजमाव की समस्याएं से बाइक फिसलने की अधिक संभावनाएं रहती है तथा दुर्घटना कि आशंकाएं बनी रहती है। ग्रामीण गुलाम मोहम्मद ने कहा कि जलजमाव की समस्याएं कई वर्षों से है। छोटे-छोटे बच्चों को जलजमाव में प्रवेश कर गुजरना पड़ता है। नाला नहीं रहने के कारण जलजमाव की समस्याएं उत्पन्न होती है।



