बेतुल
बैतूल बनारस में बैतूल के भरेवा शिल्प को मिली पहचान
जीआई टैग मिलने के बाद बढ़ी शिल्प की प्रतिष्ठा

सीएम मोहन यादव ने की भरेवा कला की सराहना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में आयोजित उत्तरप्रदेश-मध्यप्रदेश सहयोग सम्मेलन में बैतूल जिले की पारंपरिक भरेवा शिल्प कला को विशेष सराहना मिली। संत रविदास हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम के प्रबंध संचालक द्वारा मध्यप्रदेश की कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह मंच प्रदान किया गया, जिसमें बैतूल के प्रताप वार्ड निवासी कलाकार गन्नू रावत ने अपनी बेल मेटल भरेवा शिल्प कलाकृति मोर चिमनी का प्रदर्शन किया।
इस दौरान हाल ही में जीआई टैग प्राप्त कर चुकी इस कला की प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गन्नू रावत को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भरेवा शिल्प की बारीकी और पारंपरिक सौंदर्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
सम्मान प्राप्ति के बाद गन्नू रावत ने कहा कि उनका लक्ष्य इस पारंपरिक कला को देश के हर राज्य तक पहुंचाना है। इस उपलब्धि पर मां शारदा सहायता समिति के संतोष धुर्वे, शैलेंद्र बिहारिया, हिमांशु सोनी और अनंत तिवारी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भरेवा शिल्प को स्कूल और कॉलेज स्तर पर भी सिखाया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ा सके।




