हजारीबाग

पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह के पहल से चलचलाईया गांव में एक सप्ताह बाद बहाल हुई बिजली

25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के सदर प्रखंड के गुरहेत पंचायत अंतर्गत चलचलाईया गांव में पिछले एक सप्ताह से जले ट्रांसफार्मर के कारण उत्पन्न बिजली संकट को दूर करते हुए पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने पहल कर नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाया। ट्रांसफार्मर के बदलने के साथ ही गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के इस मौसम में बिजली नहीं रहने से पेयजल, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।  मामले की जानकारी मिलते ही मुन्ना सिंह ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उनके प्रयासों से बुधवार को गांव में नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे लंबे समय से चल रही समस्या का समाधान हो गया। इस मौके पर मुन्ना सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, सड़क, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया कि ऐसी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए ताकि आम लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं ग्रामीणों ने मुन्ना सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से गांव में अंधेरा छाया हुआ था और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई है और लोग काफी खुश हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह उनकी समस्याओं का समाधान होता रहेगा। इस अवसर पर आशीष महतो, संदीप मिंज, विशाल कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button