
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। जनपद पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कैराना के मालखाने में वर्षों से जमा शस्त्र अधिनियम से जुड़े मुकदमों के हथियारों का विनिष्टीकरण कराया। इस दौरान वर्ष 1983 से 2025 तक के कुल 369 अभियोगों से संबंधित हथियार और उपकरण नष्ट किए गए। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी अरविन्द चौहान व पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। विनिष्टीकरण के लिए गठित समिति के आदेश पर बुधवार को थाना परिसर में प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यवाही के दौरान क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी शैली भारद्वाज, प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री और न्यायालय लिपिक हरिनंदन सिंह मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान 315 बोर व 12 बोर के 199 शस्त्र, 14 बंदूक/रायफल, 15 रिवॉल्वर/पिस्टल, 2 शस्त्र निर्माण उपकरण, 148 चाकू, 5 कुल्हाड़ी, 4 गोकशी उपकरण तथा बड़ी संख्या में कारतूस आदि को नष्ट किया गया। सभी हथियारों को प्राइवेट लुहार की मदद से हथौड़ा, छैनी और ग्राइंडर मशीन से काटकर पूरी तरह खत्म किया गया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से मालखानों में वर्षों से लंबित पड़े मुकदमाती माल के निस्तारण में तेजी आएगी और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा।

