पंचायत के विवाद ने पकड़ा हिंसक रूप
घर में घुसकर मारपीट व गाड़ियों में तोड़फोड़ एसपी के आदेश पर मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के मोहल्ला आर्यपुरी स्थित बंजारन बस्ती में पंचायत के दौरान हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। रंजिश के चलते कुछ लोगों पर युवक के घर में घुसकर मारपीट करने, गाड़ियों में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना के करीब दस दिन बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित तसलीम पुत्र नवाब ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 22 मार्च की रात करीब 10 बजे वह मोहल्ला बंजारन में चल रही पंचायत में गया था। वहां मौजूद हुसैनी पुत्र मुंशी व उसके परिजनों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौच की। विवाद बढ़ता देख वह रात करीब 11:30 बजे अपने घर लौट आया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद हुसैनी, लेईया पुत्रगण मुंशी निवासी मिठेपुर थाना लावड़ (जनपद मेरठ), गिरधारी पुत्र भालू, दानिश पुत्र टवानी व नसीम पुत्र अमरू निवासी मोहल्ला आर्यपुरी कैराना उसके घर में घुस आए। सभी ने गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों, लात-घूसों से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई हमलावरों ने पीड़ित की बोलेरो पिकअप (एचआर-84-5923) और बाइक (यूपी-19-पी-7829) समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ कर दी। हमले में तसलीम के पेट, कमर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कराया। पीड़ित का कहना है कि घटना का वीडियो भी उसके पास सुरक्षित है, जिसे वह साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपेगा। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कैराना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
