
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नवाबगंज में पुलिस ने पंडाल हटाया तो एसडीएम आवास के सामने पूर्व मंत्री सपा नेता भगवत सरन गंगवार बृहस्पतिवार को दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री के समर्थन में सपा कार्यकर्ता पहुंच गए। सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। वहीं अफसर पूर्व मंत्री को मनाकर हटाने की कोशिश में जुटे हैं। बता दें कि 15 मार्च को पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 15 मांगों को उठाया था, इनके निस्तारण की मांग की थी। एक भी मांग पूरी न होने पर पूर्व मंत्री ने नवाबगंज में सरदार बल्लभ भाई पटेल चौक के पास दो अप्रैल को धरना प्रदर्शन करने का एलान किया था। जहां पर पंडाल लगाया गया था।
एसडीएम उदित पवार ने धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने रात में ही पंडाल हटवा दिया। प्रशासन की कार्रवाई से नाराज पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार बृहस्पतिवार सुबह अकेले ही एसडीएम आवास के सामने ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।


