राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन
Voluntary blood donation camp organized on the occasion of State Foundation Day

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन, पाकुड़ एवं जिला स्वास्थ्य समिति, पाकुड़ के संयुक्त तत्वावधान में आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 12 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किया जायेगा। शिविर का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित किया और कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है। इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला स्वास्थ्य समिति की टीम, चिकित्सा पदाधिकारियों एवं रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और जागरूकता की भावना को और प्रबल बनाते हैं। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ ही रक्तदान जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न प्रखंडों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा।



