गाजियाबाद
गाजियाबाद में अवैध कारोबार पर उठे सवाल
कविनगर चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप, पत्रकार के खिलाफ ही की कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गाजियाबाद : गाजियाबाद जिले के थाना कविनगर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कविनगर चौकी इंचार्ज अनुज कुमार को क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबारों की पूरी जानकारी होने के बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इतना ही नहीं, इन गतिविधियों को उजागर करने की कोशिश करने वाले पत्रकारों को ही धमकाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के आरोप भी सामने आए हैं।
मामले के अनुसार, पत्रकार आकाश अग्रवाल ने क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कार्यों की जानकारी मांगी तो चौकी इंचार्ज इस पर भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में उनके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मामला दर्ज कर चालान कर दिया। यह घटनाक्रम तब और गंभीर हो जाता है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुलिस विभाग की छवि सुधारने और पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। स्थानीय लोगों और पत्रकारों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध व्यापार संचालित हो रहा है, लेकिन पुलिस द्वारा उन पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। आरोप यह भी है कि इन गतिविधियों से जुड़े आर्थिक हितों के कारण कार्रवाई नहीं हो रही। पत्रकार आकाश अग्रवाल ने इस पूरे मामले की शिकायत उच्च पुलिस अधिकारियों से की है और संबंधित चौकी इंचार्ज के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने संकेत दिए हैं कि वे जल्द ही अवैध कारोबार से जुड़े और भी तथ्यों का खुलासा करेंगे। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और क्या आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है या नहीं।


