नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम रोड़ा में नेशनल हाईवे के किनारे स्थित बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकान निर्माण कराने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़त पक्ष ने अमरपुर चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। ग्राम रोड़ा निवासी मेहरवान सिंह पुत्र स्वर्गीय रामदास अहिरवार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम रोड़ा में नेशनल हाईवे के पास उनकी पुश्तैनी और बेशकीमती जमीन स्थित है। पीडि़त के अनुसार, इस जमीन का एक हिस्सा फोर लेन सड़क निर्माण के दौरान अधिग्रहित किया गया था, जिसका मुआवजा उनकी माता मीरा पत्नी स्व. रामदास को प्राप्त हुआ था। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव का ही एक व्यक्ति, जानकी प्रसाद सेन, अपनी दबंगई और गुंडागर्दी के बल पर उक्त भूमि पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण करा रहा है। पीडि़त का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी डराता-धमकाता है। पीडि़त मेहरबान सिंह ने चौकी प्रभारी से निवेदन किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर चल रहे अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए। साथ ही, राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर जमीन की पैमाइश कराई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि गरीब परिवार को न्याय मिल सके।
पीडि़त का कहना है
मेरी पुश्तैनी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। हमने पुलिस को सूचना दे दी है और हमें न्याय की पूरी उम्मीद है।



