
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से हो रही नियुक्तियों को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। मोहल्ला बुधवार कॉलोनी निवासी एक महिला ने जनसूचना का अधिकार का सहारा लेते हुए भर्ती प्रक्रिया के संबंध में नगर पालिका प्रशासन से जवाब तलब किया है। कालोनी निवासी प्रिया पत्नी दिनेश ने नगर पालिका परिषद के प्रभारी अधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए आउटसोर्सिंग पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। इन नियुक्तियों के आधार और चयन प्रक्रिया को लेकर प्रार्थिनी ने स्पष्टीकरण मांगा है। पीडि़ता ने उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 का हवाला देते हुए प्रशासन से मांग की है कि उक्त आउटसोर्सिंग भर्ती के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए। पत्र के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया गया है कि नियुक्तियां किन शर्तों और किस पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की जा रही हैं। इस मांग का समर्थन करते हुए प्रार्थना पत्र पर सुप्रिया, रानी, मुस्कान और रेखा जैसी अन्य महिलाओं के नाम भी अंकित हैं, जो भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की उम्मीद कर रही हैं। शहर में चर्चा है कि सरकारी निकायों में आउटसोर्सिंग नियुक्तियों को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है, ऐसे में आरटीआई के जरिए मांगी गई यह जानकारी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।



