धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत खोड़ासारो में लगा जनकल्याण स्टॉल, सैकड़ों ने उठाया लाभ
A public welfare stall was set up in Khodasaro under the Dharti Aaba Janjati Gram Utkarsh Abhiyan, hundreds took advantage

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा, करमाटांड़। धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत शनिवार को कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र के पंचायत अन्तर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खोड़ासारो परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता और लाभ दिलाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था। कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, पेंशन, कृषि, राशन कार्ड, आधार लेबर कार्ड, लिंकिंग, बैंकिंग, स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास से संबंधित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों की सुविधा के लिए मौके पर सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने मौजूद रहकर योजनाओं की जानकारी दी एवं आवेदन भी लिए। सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग जन उपस्थित होकर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और लाभ लेने हेतु पंजीकरण कराया। कई लोगों को मौके पर प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र और आयुष्मान कार्ड भी वितरित किये गये। इस अवसर पर जनजातीय कल्याण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि विजन को मिशन में बदलते हुए जनजातीय समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चिह्नित जनजातीय बहुल ग्रामों में इस तरह के अभियान चलाकर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासी युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें योजनाओं के प्रति जानकारी मिली और आवेदन प्रक्रिया में सहायता भी मिली। कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।



