हजारीबाग
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हजारीबाग में उमड़ा महिलाओं का जनसैलाब
सांसद मनीष जायसवाल ने पदयात्रा को दिखाई हरी झंडी।

सांसद सेवा कार्यालय से टाउन हॉल तक निकला पदयात्रा, हजारों महिलाओं ने पीएम मोदी का जताया आभार।
भारत के निर्माण में युगांतकारी कदम साबित होगा यह अधिनियम: मनीष जायसवाल।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने वाले ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर हजारीबाग में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा हजारीबाग के झंडा चौक स्थित सांसद सेवा कार्यालय से जागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल महिला पदयात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। हाथों में तख्तियां और भाजपा का झंडा थामे हजारों महिलाओं का यह काफिला शहर के मुख्य मार्ग झंडा चौक, मेन रोड, पैगोडा चौक, गुरु गोविंद सिंह रोड और अन्नदा चौक से होते हुए नगर प्रेक्षागृह पहुंचा, जहां आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में इस अधिनियम के दूरगामी प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस पदयात्रा को रवाना करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने इस अधिनियम को विकसित भारत के निर्माण में एक युगांतकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह कानून महिलाओं को महज एक वोटर से आगे बढ़ाकर नीति-निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाएगा। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि जब संसद और विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, तो शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दे शासन की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर होंगे। उन्होंने पिछले दशक की सफलताओं जैसे उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि और मुद्रा ऋण का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि अब यह राजनैतिक सशक्तिकरण भारत के लोकतंत्र को अधिक समावेशी और संवेदनशील बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम एक संवैधानिक व्यवस्था नहीं बल्कि महिला-नेतृत्व वाले विकास’ के उस दृष्टिकोण को साकार करने की पहल है जो आगामी 2026 के विशेष सत्र के बाद देश की दिशा और दशा बदलने में सहायक सिद्ध होगी।


