गोड्डा
अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मौत के मामले में 12 दिन बाद भी कार्रवाई नही

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
देवडांड़। थाना क्षेत्र अंतर्गत बोहा चौक के समीप 30 मार्च को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के 12 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे पैदल चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बोकरा गांव निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टुपर हांसदा तथा जोगी मारना गांव निवासी 66 वर्षीय लखीराम टुडू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान लखीराम टुडू की मौत हो गई। वहीं, क्रिस्टुपर हांसदा का इलाज अभी जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से ही ट्रैक्टर चालक फरार है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो ट्रैक्टर की पहचान कर सकी है और न ही आरोपी चालक की गिरफ्तारी हो पाई है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण देवडांड़ थाना पहुंचे और आवेदन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और उसका परिवहन लगातार जारी है। जिससे इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है।



