अयोध्या नागरिक मंच ने बच्चों को गर्मी से बचाने हेतु मुख्यमंत्री से विद्यालयों के समय में परिवर्तन कराने की मांग की।
अयोध्या। बीते तीन-चार दिनों से तेज धूप और गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। गर्म हवाएं (लू) भी चलने लगी हैं। विद्यालयों में अपराह्न 1:30 बजे के बाद ही अवकाश होता है उस समय भीषण गर्मी रहती है। अधिकांश विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है। कक्षाओं में पंखे नहीं है तथा शुद्ध शीतल पर जल की व्यवस्था भी विद्यालयों में नहीं है। विद्युत आपूर्ति न रहने पर विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए जनरेटर/इनवर्टर की भी व्यवस्था विद्यालयों में नहीं है। भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को 2:00 बजे तक विद्यालयों में रोके रहना अत्यधिक कष्टदाई है। गर्मी व लूं के प्रभाव से बच्चे बीमार हो सकते हैं।
ऐसी स्थिति में विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया जाना आवश्यक है जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। अयोध्या नागरिक मंच के संयोजक एस0 एन0 बागी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी विद्यालयों का समय प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रखा जाए। सभी विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा कक्षाओं में पर्याप्त पंखों की व्यवस्था कराने के साथ-साथ बच्चों के पीने के लिए शुद्ध शीतल पेयजल का प्रबंध कराया जाए।



