उपायुक्त मेघा भारद्वाज का औचक निरीक्षण, कदाचार-मुक्त माहौल में JPSC प्रारंभिक परीक्षा सम्पन्न
Deputy Commissioner Megha Bhardwaj conducts surprise inspection, JPSC preliminary exam concludes in malpractice-free environment

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले में रविवार को झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। जिले के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉन पब्लिक स्कूल, के.के.एम. कॉलेज एवं पाकुड़ राज +2 विद्यालय का दौरा किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पर्याप्त बेंच-डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई गई। जिला प्रशासन की सख्त निगरानी और सुव्यवस्थित तैयारी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होती रही।



