
सोनगुड्डा स्वास्थ्य केंद्र में लगातार सामने आ रहे मामले, बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता रोकथाम के इंतजामों पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। जिले के बिरसा आदिवासी अंचल में मलेरिया संक्रमण के मामले एक बार फिर चिंता बढ़ा रहे हैं। सोनगुड्डा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 15 दिनों के दौरान 100 से अधिक मरीजों के मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं बिठली सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में दर्ज मरीजों की संख्या इसके अतिरिक्त बताई जा रही है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष चिंता जताई जा रही है।
स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार से पीड़ित मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार कुछ बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है, जबकि कई मरीज उपचार के बाद घर लौट चुके हैं। दूरस्थ आदिवासी गांवों में रहने वाले परिवारों के लिए समय पर जांच और उपचार की सुविधा प्राप्त करना अब भी चुनौती बना हुआ है।
गौरतलब है कि बिरसा क्षेत्र पूर्व में भी मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के कारण गंभीर स्वास्थ्य संकट से गुजर चुका है। विभिन्न गांवों में बच्चों की बड़ी संख्या में हुई मौतों के बाद यह क्षेत्र प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। उन घटनाओं की यादें अभी भी ग्रामीण परिवारों के मन में ताजा हैं। ऐसे में मलेरिया के नए मामलों ने लोगों की चिंता फिर बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित गांवों में नियमित स्वास्थ्य जांच, पर्याप्त दवाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। सवाल यह भी है कि बारिश के मौसम में हर साल मलेरिया का खतरा बढ़ने के बावजूद संवेदनशील गांवों में समय रहते रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते?
आवश्यकता है कि प्रभावित गांवों में विशेष मलेरिया जांच अभियान चलाया जाए, मच्छरों के नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचें। साथ ही गंभीर मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
सोनगुड्डा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर देवेंद्र निगोले के अनुसार क्षेत्र में मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं तथा स्वास्थ्य केंद्र में उनकी जांच और उपचार किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण तेजलाल मेरावी, अनीता बाई और बृजकुंवर मरकाम ने भी क्षेत्र में बीमारी के बढ़ते मामलों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चिंता जताई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मलेरिया के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग कितनी तेजी से प्रभावी कदम उठाता है। बिरसा के आदिवासी परिवारों को आश्वासनों से आगे बढ़कर ऐसी मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की जरूरत है, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान हो और किसी भी मासूम की जिंदगी खतरे में न पड़े।




