मेरठ

सौरभ हत्याकांड में अदालत में पेशी, मुस्कान ने आरोपों से किया इनकार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। चर्चित नीला ड्रम सौरभ हत्याकांड में मंगलवार को सुनवाई के दौरान अहम घटनाक्रम सामने आया। करीब 13 महीने बाद आरोपी मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी साहिल शुक्ला को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। इस दौरान मुस्कान अपनी बेटी राधा को गोद में लेकर कोर्ट पहुंची, जिसने पूरे माहौल को संवेदनशील बना दिया। सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा पूछे गए सवालों पर मुस्कान ने खुद को कई आरोपों से अलग बताया। उसने कहा कि हत्या के बाद शव छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए नीले ड्रम की खरीद में उसका कोई हाथ नहीं है और न ही उसने किसी मेडिकल स्टोर से बेहोश करने वाली दवा ली। अदालत में उसके अधिकतर जवाब नकारात्मक रहे।
गौरतलब है कि 3 मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर ड्रम में रखने का आरोप मुस्कान और साहिल पर है। पुलिस जांच पूरी कर आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। अब यदि बचाव पक्ष कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करता, तो जल्द ही अंतिम बहस शुरू होने के साथ इस चर्चित मामले में फैसला आने की संभावना है। इस मामले में पिछले माह 19 मार्च को हुई पेशी के दौरान कचहरी परिसर में हंगामा हुआ था, जब कुछ वकीलों ने आरोपी साहिल शुक्ला के साथ मारपीट कर दी थी। इसके बाद सुरक्षा कारणों से दोनों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जा रही थी। मंगलवार को उन्हें फिर से प्रत्यक्ष रूप से अदालत में प्रस्तुत किया गया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार अब तक 22 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुपम कुमार की अदालत में जारी है। फिलहाल भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 351 (पूर्व में धारा 313 सीआरपीसी) के तहत आरोपियों के बयान दर्ज हो रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button