
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कांधला (शामली)। जनपद में नशे के काले कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए थाना कांधला पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और सख्ती का परिचय दिया है। “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 342 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर नशा तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को थाना कांधला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कालिम पुत्र इस्तकार निवासी सलेमपुर रोड, जन्नत कॉलोनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 342 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में थाना कांधला पर मु0अ0सं0 152/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस अवैध धंधे की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
थाना प्रभारी सतीश कुमार की सख्त नेतृत्व शैली की चर्चा
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश कुमार की सख्त और प्रभावी कार्यशैली साफ नजर आई। उनके नेतृत्व में कांधला पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है।
स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण हो या नशा तस्करों पर शिकंजा कसना—थाना प्रभारी सतीश कुमार की रणनीति और टीम मैनेजमेंट की जमकर सराहना हो रही है। उनकी अगुवाई में पुलिस टीम न सिर्फ सक्रिय है, बल्कि हर सूचना पर त्वरित और सटीक कार्रवाई कर रही है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।
काबिले-तारीफ रही पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उ0नि0 देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रविन्द्र, कांस्टेबल सुशील बुटार व कांस्टेबल सूर्या प्रताप की टीम ने मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय दिया, जो सराहनीय है।
सख्त संदेश
कांधला पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
जनता से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

