गोड्डा
भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम : शिवम
श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब कथा श्रवण को पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सदर प्रखंड क्षेत्र के घाट मंजवारा पंचायत के नयाडीह गांव में आयोजित श्री श्री 108 श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन भक्तिभाव और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। दूसरे दिन कथा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया। व्यास शिवम विष्णु पाठक जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कथा के दौरान भगवान की महिमा, धर्म, सत्य और मानव जीवन के उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की, जिसे सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दूसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति के महत्व और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। कथा स्थल पर “राधे-राधे” और “हरि बोल” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सात दिवसीय इस भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। वहीं कथा आचार्य विकास कुमार मांझी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना और युवाओं को धर्म एवं संस्कार से जोड़ना है। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्य व स्थानीय युवा मोहन कुमार, सुधीर मंडल, शिवनंदन मंडल, छोटू कुमार, किशन देव कुमार, दीपक कुमार, पिंटू मांझी, सोनू मांझी, सुबोध मांझी, नयन मांझी, सीताराम सहित दर्जनों युवा सेवा भाव से जुटे हुए हैं।




