
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लगभग ढाई साल पूर्व निवर्तमान प्रमुख सरिता देवी के खिलाफ अविश्वास पत्र हुआ था दाखिल
ठाकुरगंगटी। ठाकुरगंगटी प्रखंड के सभागार कक्ष में महागामा अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी आलोक बरन केसरी की मौजूदगी में नाजनी खातून निर्विरोध प्रखंड प्रमुख चयनित हुई। बताते चलें कि लगभग ढाई साल पूर्व निवर्तमान प्रमुख सरिता देवी के खिलाफ प्रखंड के पंचायत समिति सदस्यों के द्वारा अविश्वास पत्र दाखिल कर उन्हें प्रमुख के दायित्व से हटाया गया था। 22 अप्रैल को निर्वाचन आयोग के आदेश पर महागामा अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी आलोक बरण केसरी के द्वारा प्रखंड प्रमुख का उपचुनाव कराया गया। जहां निर्धारित समय पर मात्र एक ही प्रत्याशी दिग्घी दक्षिणी पंचायत समिति सदस्य नाजनी खातुन के द्वारा प्रमुख पद के लिए दावा करते हुए नामांकन पत्र भरा गया। उपस्थित कुल 15 पंचायत समिति सदस्यों ने ध्वनि मतों से अपना समर्थन पेश किया। मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा कागजी पक्रिया को पूरा करते हुए नाजनी खातुन को प्रखंड प्रमुख पद के लिए सार्टिफिकेट दिया गया। इस संबंध में एसडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी आलोक बरण केसरी ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रखंड के कुल 20 पंचायत समिति सदस्यों में से 15 पंचायत समिति सदस्य प्रमुख उपचुनाव में भाग लिया। जहां निर्धारित समय तक मात्र एक ही प्रत्याशी नाजनी खातून ने नामांकन पत्र दाखिल किया।जिसमें वह निर्विरोध प्रमुख पद के लिए चुने गए। मौके पर महगामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार मंडल, अंचलाधिकारी मदन महली, अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार के साथ दर्जनों की संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।



