ललितपुर
यूपीएस पनारी में धूमधाम से मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस
बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय पनारी में आज विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह के अनुरूप विद्यालय के छात्रों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें छात्रों ने धरती माता करे पुकार, कम करो प्लास्टिक का भार और पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ जैसे नारों के साथ ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए। मुख्य वक्ता एवं प्रभारी मोहम्मद जाकिर ने कहा कि आज पृथ्वी ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हर दिन पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने छात्रों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, जल संरक्षण करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापिका सीमा जैन ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर छात्रों द्वारा चार्ट एवं पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण बचाने के संदेश प्रस्तुत किए गए। अनुदेशक नंदिनी के मार्गदर्शन में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रवीण ने प्रथम, अलीना ने द्वितीय तथा पूर्वी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रतिभा यादव, तारा तिवारी, पूर्णिमा, खुर्शीद बानो सहित विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में छात्रों को पर्यावरण मित्र बनने के लिए प्रेरित किया गया।

